फरीदाबाद। जिले में ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए जिला प्रशासन ने नौ स्थान निर्धारित किए थे, लेकिन तय स्थानों पर पटाखा विक्रेता नजर नहीं आए। काफी लोग पटाखों की खरीद के लिए भटकते नजर आए। उपायुक्त एवं जिला मजिस्ट्रेट आयुष सिन्हा ने बृहस्पतिवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी थी। प्रशासन की ओर से पटाखों की बिक्री के लिए छह नवंबर अंतिम तारीख तय की गई थी। एनआईटी दशहरा मैदान, बल्लभगढ़ और सेक्टर-12 में शुक्रवार शाम तक पटाखा विक्रेताओं की दुकान नजर नहीं आईं।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि प्रशासन की ओर से दशहरा ग्राउंड एनआईटी, सूरजकुंड मेला पार्किंग ग्राउंड, बल्लभगढ़ में अंबेडकर चौक के नजदीक दशहरा ग्राउंड, सेक्टर-31 स्थित दशहरा ग्राउंड (एत्मादपुर), आईओसीएल के सामने सेक्टर-12 ग्राउंड और खेड़ी रोड स्थित फातू सिंह फार्म , बीडीपीओ कार्यालय बल्लभगढ़, कैल गांव में मस्जिद के नजदीक कैल-खंदावली रोड और छांयसा स्थित बीडीपीओ रेस्ट हाउस पर ग्रीन पटाखे बेचने की अनुमति दी गई थी। उन्होंने बताया कि डयूटी मजिस्ट्रेट अवैध पटाखे बेचने वालों पर पुलिस के साथ मिलकर नजर रखेंगे।