अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। राजा नाहर सिंह क्रिकेट स्टेडियम के कार्य पांच साल में भी पूरा नहीं हो सके हैं। अधूरे कार्याें को पूरा कराने के लिए 99 करोड़ रुपये की जरूरत है। दूसरी ओर प्रदेश सरकार ने अब स्टेडियम के निर्माण कार्य पूरा कराने की जिम्मेदारी फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण को सौंप दी है।
नाहर सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के जीर्णोद्धार का काम साल 2019 में शुरू हुआ था और 2020 में पूरा करने का लक्ष्य था। नगर निगम ने स्टेडियम के निर्माण में तेजी से कार्य शुरू कराया लेकिन बाद में गति धीमी हो गई। कार्य में देरी से स्टेडियम की लागत में भी बढ़ोतरी होती चली गई है। निगम ने इसका बजट बढ़ाकर 115 से 127 करोड़ रुपये कर दिया गया, इसके बाद भी स्टेडियम बनकर तैयार नहीं हो सका। अभी करीब 60 फीसदी ही निर्माण कार्य हो सका है। इस पर पूरे प्रोजेक्ट पर कई प्रकार के सवाल उठने लगे। दूसरी ओर सरकार से पैसा नहीं मिलने से कार्य रुक गया। हालांकि सरकार ने 72 करोड़ की राशि मंजूरी थी, लेकिन इसके लिए नगर निगम रिवाइज स्टीमेट 99 करोड़ का भेजा हुआ है। दूसरी ओर हाल में स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त व सचिव विकास गुप्ता ने नाहर सिंह स्टेडियम का दौरा कर जल्द पैसे जारी कराने का आश्वासन दिया था। सरकार ने नाहर सिंह स्टेडियम प्रोजेक्ट को एफएमडीए को सौंपने का निर्णय लिया है।
40 हजार दर्शक क्षमता का होगा स्टेडियम
नाहर सिंह क्रिकेट स्टेडियम के नवीनीकरण और जीर्णोद्धार के बाद इसमें 40 हजार दर्शक एक साथ मैच देख सकेंगे। पहले 25 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता थी। स्टेडियम में फ्लड लाइट्स लगेंगी और इलेक्ट्राॅनिक्स स्कोर बोर्ड लगेगा। साथ ही इसकी पिच भी नई बनेगी। यहां रात-दिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच हो सकेंगे। मार्च 2006 में भारत और इंग्लैंड के बीच अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच हुआ था। इसके बाद यहां अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेले गए।
बढ़ सकती है लागत
नगर निगम ने रिवाइज स्टीमेट 99 करोड़ का बनाया है। पुराने ठेकेदार से कार्य पूरा कराया जाना था। अब प्रोजेक्ट एफएमडीए को दिए जाने से प्राधिकरण इसका नए सिरे से स्टीमेट बनवाएगा। ऐसे में इसकी लागत और बढ़ सकती है। ऐसा पहले भी हो चुका है। नगर निगम बल्लभगढ़ में ऑडिटोरियम बनवा रहा था, काम पूरा करने के लिए पांच करोड़ की जरूरत थी। सरकार ने बचे कार्य को पूरा कराने के लिए कार्य लोक निर्माण विभाग को दे दिया। इसका रिवाइट स्टीमेट 11 करोड़ का बना।
प्रदेश सरकार ने राजा नाहर सिंह क्रिकेट स्टेडियम के कार्याें को पूरा कराने की जिम्मेदारी एफएमडीए को दे दी है। इसके लिए दो दिन पहले नगर निगम को पत्र मिल चुका है। जल्द ही परियोजना को एफएमडीए को ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
- बीके कर्दम, मुख्य अभियंता नगर निगम