-एतमादपुर पुल पर महिला पर हुए मामले में आरोपी धरा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। थाना पल्ला क्षेत्र के एतमादपुर पुल के पास 30 जून को ड्यूटी पर जा रही महिला पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसकी और महिला की पहचान करीब एक साल पहले ट्रेन में हुई थी। आरोपी का दावा है कि इस दौरान महिला उससे करीब 2.85 लाख रुपये ले चुकी थी और बाद में लगातार और रुपये मांग रही थी। रुपये नहीं देने पर वह उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी देती थी। इसी वजह से उसने चाकू से हमला कर दिया।
थाना पल्ला पुलिस ने हरदोई (उत्तर प्रदेश) निवासी व वर्तमान में निहाल विहार, दिल्ली में रहने वाले भैयालाल को तीन जुलाई को पश्चिम विहार, दिल्ली से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे एक दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसके बाद रविवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने वारदात की योजना पहले ही बना ली थी। इसके लिए वह दिल्ली से चाकू खरीदकर लाया था।