- हॉन्गकॉन्ग में आयोजित प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग फाइनल में हासिल किया छठा स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। युवा जिम्नास्ट सृष्टि सिसोदिया ने हॉन्गकॉन्ग में आयोजित एशियन ट्रैम्पोलिन चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर फरीदाबाद और देश का नाम रोशन किया है। 23 और 24 मई को आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सृष्टि ने जूनियर वर्ग के फाइनल में छठा स्थान हासिल किया। सृष्टि ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और कोच के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत, अनुशासन और परिवार के समर्थन से वह इस मुकाम तक पहुंच सकी हैं। प्रशिक्षण के दौरान कई चुनौतियां सामने आईं, लेकिन उन्होंने निरंतर अभ्यास जारी रखा।
कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर सृष्टि ने अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा पेश की है। उनकी उपलब्धि से खेल जगत और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सृष्टि की सफलता पर भाजपा प्रदेश अनुशासन समिति की अध्यक्ष नीरा तोमर ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने फरीदाबाद और हरियाणा का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने सृष्टि के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।