खेल जीवन में अनुशासन और समर्पण का भाव पैदा करता है– विपुल गोयल
––विपुल गोयल और गौरव गौतम ने चलाई साइकिल, युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में रविवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अंतर्गत तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ ‘खेल युक्त-नशामुक्त हरियाणा’ थीम पर साइक्लोथॉन से हुआ। हरियाणा सरकार में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय एवं नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि और खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों मंत्रियों ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम से स्वयं साइकिल चलाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
विपुल गोयल ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने भारतीय हॉकी को विश्व पटल पर पहचान दिलाई और ओलंपिक में तीन स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेकर खेलों पर ध्यान केंद्रित करें।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा खेलों में सुपर पावर है। ओलंपिक हो या एशियाड, सबसे ज्यादा पदक हरियाणा के खिलाड़ी ही जीतते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में खेलों के लिए मजबूत आधारभूत ढांचा तैयार किया जा रहा है। 1,489 खेल नर्सरियों में 37,225 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। 298 स्टेडियम और 224 खेल विहार तैयार किए गए हैं।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने युवाओं से प्रतिदिन एक घंटा खेलों के लिए निकालने का आग्रह किया ताकि वे स्वस्थ रह सकें और समाज के विकास में योगदान दे सकें।साइक्लोथॉन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के महत्व के साथ-साथ नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करना था। इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, जिला खेल अधिकारी खुशवंत सिंह, एसडीएम ज्योति, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार और नगर आयुक्त मनीषा शर्मा सहित सैकड़ों खिलाड़ी, स्कूली छात्र-छात्राएं व खेल प्रेमी शामिल हुए।