मंदिर के लिए सामान लेने निकला था युवक, ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-3 क्षेत्र के गुरुग्राम कैनाल रोड पर सोमवार सुबह ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई है, जो सेक्टर-3 स्थित खाटू श्याम मंदिर के पास चाय की दुकान चलाते थे। हादसे के बाद पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के बेटे राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार सुबह करीब 7 से 7:15 बजे उनके पिता दुकान का सामान लेने साइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक चालक ने पीछे से उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। आरोप है कि ट्रक चालक मनोज कुमार को कुचलते हुए मौके से भाग गया। घटना की सूचना ईआरवी-202 के माध्यम से पुलिस चौकी सेक्टर-3 को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।