जिले के 100 से अधिक मंदिरों में सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सावन के पहले सोमवार को मंदिरों में भीड़ रहेगी। सुबह से ही मंदिरों में लोग भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचेंगे। मंदिरों में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंज उठेंगे। भक्त जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग और सफेद पुष्प अर्पित कर भोलेनाथ का विधिवत पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना करेंगे। इसको लेकर मंदिरों की ओर से विशेष तैयारियां की गईं हैं।
जिले के सैनिक कॉलोनी स्थित 21 फीट ऊंचे शिवलिंग वाले प्रसिद्ध शिव मंदिर, अजरौंदा के प्राचीन शिव मंदिर, सेक्टर-37, ग्रीनफील्ड, चावला कॉलोनी, राजवाड़ा शिव मंदिर, नीलकंठ महादेव मंदिर, गीता मंदिर, काली मंदिर और वैष्णो देवी मंदिर सहित 100 से अधिक मंदिरों में रंगाई-पुताई, सजावट और अन्य व्यवस्थाएं की गईं हैं।
काली मंदिर के पुजारी पंकज ने बताया कि सावन भगवान शिव का सबसे प्रिय माह माना जाता है। इस दौरान विशेषकर सोमवार के दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु व्रत रखकर शिव पूजा करते हैं और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचते हैं।
आज से जिले में प्रवेश करेंगे कांवड़िये
जो भक्त गंगोत्री से जल लेकर पलवल, होडल, मथुरा कोसी को जाने वाले वाले हैं वह सोमवार से जिले में प्रवेश कर जाएंगे। जिसके चलते प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी शुरू कर दी है। प्रशासन ने तीन रूट कांवड़ भक्तों के लिए आरक्षित किए गए हैं।