नियमित दवा लेने के लिए किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित रेडक्रॉस भवन में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से टीबी मरीजों के लिए विशेष पोषाहार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में टीबी का मरीजों का मनोबल बढ़ाया। उन्हें टीबी से बचाव, स्वच्छता, पौष्टिक आहार और उपचार बीच में न छोड़ने के बारे में जानकारी दी गई।
जिला रैडक्रॉस सोसाइटी और आशीर्वाद रसोई के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम स्वर्गीय राज कुमार कोचर और अविनाश की पुण्य स्मृति में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजीव कोचर और अलका कोचर ने टीबी मरीजों को पोषाहार वितरित किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और बीमार लोगों की सेवा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने रेडक्रॉस सोसाइटी और आशीर्वाद रसोई के प्रयासों की सराहना की।
जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव बिजेंद्र सोरोत ने कहा कि टीबी मरीजों के स्वास्थ्य और पोषण को ध्यान में रखते हुए लगातार कार्यक्रम किए जा रहे हैं। उन्होंने मरीजों से दवाइयों का पूरा कोर्स करने और डॉक्टर की सलाह का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित दवा के साथ पौष्टिक भोजन भी मरीजों के जल्द स्वस्थ होने में मदद करता है। इस दौरान प्रताप सिंह एडवोकेट, अंकुर शरण सहित रेडक्रॉस के कर्मचारी और स्वयंसेवक मौजूद रहे।