संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बाढ़ की स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है लेकिन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के कई स्कूल अभी भी अस्थायी रूप से बंद हैं। शिक्षा विभाग ने इस दौरान बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया है। हालांकि, इससे छात्रों की पढ़ाई पर असर पड़ा है।
जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि जैसे ही स्थिति सामान्य होगी और खतरा टलेगा, स्कूल खोलने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रों की पढ़ाई अधूरी नहीं छोड़ी जाएगी। इसके लिए बाढ़ प्रभावित स्कूलों में एक्स्ट्रा क्लासेज और विशेषज्ञ कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा ताकि बच्चों की पढ़ाई की भरपाई की जा सके। बंद किए गए स्कूलों में बसंतपुर, इस्माइलपुर, कबूलपुर, लालपुर, महमूदपुर, चीरसी, राजपुर और अमीपुर के प्राथमिक, माध्यमिक और वरिष्ठ विद्यालय शामिल हैं। जिला उप शिक्षा अधिकारी मनोज मित्तल ने कहा कि यह कदम बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अनिवार्य था। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई का ध्यान घर पर रखें और स्कूल खुलने पर नियमित रूप से कक्षाओं में भेजें। कुछ शिक्षकों ने सुझाव दिया कि आपातकालीन परिस्थितियों में ऑनलाइन कक्षाओं का विकल्प भी तैयार रखा जाए, ताकि पढ़ाई निरंतर जारी रह सके। शिक्षा विभाग की योजना है कि बाढ़ प्रभावित बच्चों के लिए एक्स्ट्रा क्लासेज और विशेषज्ञ कक्षाओं के माध्यम से अध्ययन की कमी को पूरा किया जाएगा और उन्हें बोर्ड और नियमित पाठ्यक्रम की तैयारी में मदद मिलेगी।