एसआरएस हिल्स सोसाइटी की पांचवीं मंजिल से कूदकर दी जान, बेटे और बहू के खिलाफ मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-88 स्थित एसआरएस हिल्स सोसाइटी निवासी बुजुर्ग ने बेटे-बहू की प्रताड़ना से आहत होकर आत्महत्या कर ली। घटना 22 फरवरी की है। सुसाइड नोट में लिखा है कि बेटा और बहू चप्पल से मारेंगे तो जीने से अच्छा मरना है। थाना भूपानी पुलिस ने मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट के आधार पर आरोपी बेटे-बहू के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सुसाइड नोट की लिखावट की जांच कर रही है।
सेक्टर-88 स्थित एसआरएस हिल्स में कुबेर नाथ शर्मा (67) अपने बेटे शैलेश कुमार शर्मा व पुत्रवधू आकांक्षा के साथ रहते थे। कुबेर नाथ शर्मा निजी कंपनी से सेवानिवृत्त थे। 22 फरवरी को पांचवीं मंजिल से कूदकर उन्होंने आत्महत्या कर ली। जांच के दौरान कुबेर नाथ शर्मा की जेब से एक सुसाइड नोट मिला। उसमें लिखा था कि किसी ने मुझे धक्का नहीं दिया, वह स्वयं आत्महत्या कर रहे हैं। इसमें किसी का दोष नहीं है। सब ऊपर वाले की मर्जी है। साथ ही, उन्होंने लिखा कि घर में लगा सीसीटीवी कैमरा इसका सबूत है।
सीसीटीवी कैमरे में मारपीट के मिले सबूत
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मृतक की जेब में मिले सुसाइड नोट की लिखावट की जांच की जा रही है। आरोपी बेटा शैलेश कुमार शर्मा व पुत्रवधू आकांक्षा से पूछताछ की जा रही है। वहीं, फ्लैट में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई। जांच में पाया गया कि कुबेर नाथ शर्मा के बेटे और पुत्रवधू ने उनके साथ मारपीट की थी।
-
बेटे ने कहा बीमारी के कारण दी जान
कुबेर नाथ के बेटे शैलेश कुमार शर्मा ने बताया कि वह गुरुग्राम में निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। वह सोसाइटी में माता पिता, पत्नी आकांक्षा कुशवाहा व बच्चे सहित करीब 4 साल से किराये पर रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता बीपी समेत अन्य बीमारियों से परेशान थे। उनका इलाज चल रहा था। घटना के करीब 5 दिन पहले उनकी मां शादी में शामिल होने के लिए गांव गई थीं। उनकी पत्नी अध्यापिका हैं। छुट्टी लेकर बच्चे की देखरेख के लिए घर पर ही रहती थीं। 22 फरवरी को उनके पिता कुबेर नाथ शर्मा नाश्ता करके रोजाना की तरह घूमने के लिए नीचे गए थे। काफी समय बीत जाने के बाद वह वापस नहीं आए। बाद में वह स्वयं पिता को बुलाने के लिए नीचे गए और गार्ड से पूछताछ की। इस दौरान पार्किंग में कुछ गिरने की आवाज आई। उन्होंने जाकर देखा तो उनके पिता साइकिल के ऊपर पड़े हुए हैं। बेटे का कहना है उनके पिता ने बीमारी से तंग आकर आत्महत्या की है।