संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद स्थित 76 से 89 तक के लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। अब बीपीटीपी बिल्डर द्वारा बिना किसी कारण के बिजली और कॉमन एरिया का चार्ज बढ़ा दिया है। जिससे बीपीटीपी में रहने वाले लोगों की जेब पर काफी असर पड़ रहा है।
बीपीटीपी के पास करीब एक हजार एकड़ जमीन है। जिसमें से उनके द्वारा 20 प्रतिशत पर हाई राइजिंग सोसाइटी को बनाया हुआ है, वहीं 5 प्रतिशत व्यावसायिक तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, अन्य पर प्लॉट काटकर लोगों को दिए गए हैं। प्लाटेड एरिया में रहने वाले लोगों से बिल्डर द्वारा मनचाहे बिजली के बिल का चार्ज लिया जा रहा है। लोगों ने बताया कि हर महीने कॉमन एरिया का चार्ज और नगर निगम चार्ज दे रहे हैं, उसके बावजूद भी बिल्डर अपनी मनमर्जी से बिजली का चार्ज बढ़ा रहा है। इसको लेकर सोसाइटी के लोग रेरा में शिकायत करने की तैयारी कर रहे है। उन्होंने बताया कि मार्च के महीने में बिल्डर द्वारा उनसे 5 रुपये 71 पैसे बिजली प्रति यूनिट चार्ज किया जाता है। जोकि अब बढ़कर 7 रुपये 8 पैसे हो गया है। इसके अलावा मार्च के महीने में कॉमन एरिया का चार्ज 0.17 पैसे लिया जाता था जोकि अब बढ़कर 0.50 पैसे हो गया है। चार्ज के बढ़ने से लोगों के बजट पर काफी असर पड़ रहा है।
बिना किसी कारण के बिल्डर द्वारा हर महीने एक से लेकर 16 पैसे तक बिजली का चार्ज बढ़ाया जा रहा है। इससे उनकी जेब पर काफी असर पर पड़ रहा है।
- प्रफूल शर्मा, पूर्व प्रधान आरडब्ल्यूए, ए ब्लॉक सेक्टर 85
बिल्डर द्वारा मनमानी काफी बढ़ गई है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। इसको लेकर उनके द्वारा उच्च अधिकारियों से शिकायत की जाएगी।
- रविंद्र चौधरी,उप प्रधान आरडब्ल्यूए, एफ ब्लॉक सेक्टर 88
बीपीटीपी बिल्डर के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट रोहित मोहन का कहना है कि उनके पास बिजली का बिल आता है। उसी को प्लॉट के हिसाब से भाग करके लोगों से चार्ज कर रहे है, जिसको लेकर लोगों को बिल दिया जा रहा है।