गोरक्षकों पर गोली चलाकर भागे तस्कर
फरीदाबाद। डबुआ कॉलोनी में गोवंश चोरी करने आए तस्करों को गोरक्षकों ने रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने युवकों के ऊपर गोली चला दी। इससे वह बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता अशोक उर्फ बाबा ने थाना डबुआ में दी शिकायत में कहा कि सोमवार करीब दो बजे वह अपने साथियों के साथ रोज की तरह रात को गोवंशों को गुड़ व चारा खिलाने तथा उनके ऊपर कंबल डालने के लिए गए थे। जैसे ही वह डबुआ मंडी में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि कुछ गोतस्कर मंडी में बैठे गोवंशों को पिकअप गाड़ी में डाल रहे थे। गोरक्षकों ने तस्करों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने गोरक्षक दल पर गोली चला दी। तस्कर गाड़ी को लेकर भागने लगे, लेकिन तभी उनकी गाड़ी किसी नुकीली चीज से टकराई और उसका टायर पंचर हो गया। इसके बावजूद आरोपी गाड़ी को तेज गति से भगाते निकल गए। जब गो रक्षकों ने उनका पीछा किया तो आरोपियों ने उनके ऊपर गाड़ी में बंधे हुए गोवंश फेंकने शुरू कर दिए।
दो गोवंश सेक्टर 22-23 रोड पर और तीन गोवंश राजीव कॉलोनी से खंदावली जाने वाले रोड पर फेंक गए। पुलिस प्रवक्ता सहायक पुलिस आयुक्त आदर्श दीप सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपियों की पहचान धौज निवासी खूबी, उतावड़ निवासी अरसद उर्फ घोडू और आलमपुर निवासी खालिद के रूप में हुई है।