फरीदाबाद। जिले में प्रदूषण का स्तर अभी भी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बना हुआ है। हालांकि, बुधवार की तुलना में बृहस्पतिवार को फरीदाबाद की वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला है। बृहस्पतिवार को फरीदाबाद में वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 दर्ज किया गया। वहीं बल्लभगढ़ में 304 रहा। तेज धूप निकलने से स्मॉग में भी कमी आने से लोगों को सांस लेने में हल्की राहत मिली।
शहर में मौसम सुबह से ही साफ बना रहा। दिन के समय तेज धूप खिली और हल्की हवा भी चली, जिससे प्रदूषित कण हल्के होकर थोड़ा ऊपर उठ गए और स्मॉग में कमी आई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से जारी सूची के अनुसार, फरीदाबाद का वायु गुणवत्ता सूचकांक तीन सौ पर टिका रहा। वहीं, सेक्टर-16ए क्षेत्र की हवा अधिक खराब रही। यहां का वायु गुणवत्ता सूचकांक 306 रहा। वहीं, सेक्टर 11 क्षेत्र का 352 व सेक्टर-30 का 298 और एनआईटी क्षेत्र का वायु गुणवत्ता सूचकांक 243 दर्ज किया गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि तेज धूप निकलने से स्मॉग में कमी आई है। इससे वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार हुआ है।