पटाखों का धुआं सांस और दिल के मरीजों की बढ़ा सकता है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। रोशनी, मिठाइयों और खुशियों का त्योहार दिवाली हर किसी के लिए खास होता है। घरों में पकवान बनते हैं, लोग दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर जश्न मनाते हैं। लेकिन त्योहार की भागदौड़ और खानपान में बदलाव के बीच लोग अक्सर अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देते हैं। दिवाली की खुशियों में सेहत का न बिगड़े जायका, खानपान से लेकर पटाखों तक बरतें सावधानी।
बीके अस्पताल में कार्यकारी प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास गोयल ने बताया कि थोड़ी सी लापरवाही डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, हृदय और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। ऐसे में त्योहार का आनंद लेने के साथ स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। दिवाली पर मिठाइयों, तली-भुनी चीजों और अधिक नमक वाले खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित रखना चाहिए। डायबिटीज के मरीज मीठे खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों से दूरी रखें व नियमित रूप से ब्लड शुगर की जांच करें। वहीं, बीपी के मरीज नमक कम खाएं और निर्धारित समय पर दवाइयां लेते रहें। त्योहार के कारण भोजन और दवाइयों का समय नहीं बदलना चाहिए।
बीके अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहित अग्रवाल के अनुसार दिवाली के दौरान चक्कर आना, सीने में दर्द, घबराहट या सांस लेने में परेशानी को सामान्य समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें। संतुलित खानपान, नियमित दिनचर्या और सावधानी के साथ दिवाली मनाकर त्योहार की खुशियों को सेहतमंद बनाया जा सकता है।