फरीदाबाद। जिले में अलग-अलग स्थानों से छह लोग लापता हो गए। इनमें एक महिला घर से करीब 50 हजार रुपये नकद, सोना और आठ लाख रुपये की एफडी लेकर गई है। इसके अलावा एक महिला अपने नाती को साथ लेकर निकली थी।
परिजनों की शिकायत पर संबंधित थानों की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। टाउन नंबर-3 क्षेत्र से 35 वर्षीय महिला नौ अगस्त को घर से बिना बताए चली गई। पति के अनुसार घर से करीब 50 हजार रुपये नकद, लगभग एक तोला सोना और आठ लाख रुपये की एफडी भी गायब है। महिला का मोबाइल बंद है। लक्कड़पुर से 36 वर्षीय राजमिस्त्री 11 अगस्त शाम गांव जाने की बात कहकर निकला लेकिन न गांव पहुंचा और न वापस लौटा। उसका मोबाइल भी बंद है। ग्रीनफील्ड कॉलोनी से 58 वर्षीय व्यक्ति नौ अगस्त सुबह घूमने निकले थे। परिजनों के अनुसार उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। अनखीर से 56 वर्षीय सुरक्षा गार्ड 11 अगस्त सुबह ड्यूटी के लिए निकले लेकिन वापस नहीं लौटे। सेक्टर-10 से 40 वर्षीय महिला 12 अगस्त को अपने दोहते को लेकर घर से निकली और वापस नहीं आई। वहीं सूर्य विहार पार्ट-3 निवासी 37 वर्षीय युवक 10 अगस्त से लापता है। उसे आखिरी बार वजीरपुर रोड पर देखा गया था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सभी की तलाश की जा रही है। संवाद