नाम वापसी के दिन वार्ड नंबर-36 के कांग्रेस प्रत्याशी समेत कुल 51 पार्षदों पदों के उम्मीदवारों ने वापस लिया नाम
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबा। फरीदाबाद नगर निगम में पहली बार मेयर पद के लिए हो रहे चुनावों में छह महिला प्रत्याशी मैदान में डटी हैं। इनमें भाजपा, कांग्रेस, आप, बसपा समेत दो निर्दलीय प्रत्याशी हैं। एक निर्दलीय प्रत्याशी को समाजवादी पार्टी ने समर्थन दिया है। वहीं, बुधवार को नाम वापसी के दिन वार्ड नंबर-36 से कांग्रेस प्रत्याशी ने अपनी पार्टी को दरकिनार कर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में नाम वापस ले लिया। अब यहां से भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध हो गए हैं। कुल 51 पार्षद पद प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया है। ऐसे में 46 सीटों के लिए कुल 221 पार्षद मैदान में हैं।
हरियाणा के सबसे बड़े नगर निगम चुनावों में बुधवार को नाम वापसी के दिन प्रत्याशियों के पत्ते पूरी तरह से खुल गए हैं। इस दौरान राजनीति का हाई वोल्टेज ड्रामा जारी है। भाजपा, कांग्रेस और आप के नेता एक-दूसरे के पाले में भाग रहे हैं तो पार्टियां बहला-फुसलाकर और धमकाकर भी नेताओं को अपने पाले में कर रहे हैं। निगम चुनावों के पहले तक यह उछलकूद और मान-मनौव्वल चलने की संभावना बनी हुई है।
फरीदाबाद में पहली बार मेयर पद का प्रत्याशी जनता के वोटों से चुना जाना है। इस बार निगम की मेयर सीट महिला के लिए आरक्षित है। नाम वापसी के दिन मेयर पद के लिए किसी भी प्रत्याशी ने कदम पीछे नहीं खींचे। चुनावी मैदान में भाजपा से प्रवीण बत्रा जोशी, कांग्रेस से लता रानी, आप से निशा दलाल फौजदार, बसपा से मंशा पासवान डटी हुई हैं। इसके अलावा दो निर्दलीय प्रत्याशी अंजना शर्मा और संगीता यादव भी चुनावी मैदान में पूरी ताकत लगाने को तैयार हैं। इनमें से संगीता यादव को बाहर से समाजवादी पार्टी ने समर्थन दिया है। निर्वाचन अधिकारी और सीईओ जिला परिषद सतबीर मान ने इन छह प्रत्याशियों को उनके चुनाव चिह्न जारी किए।
51 पार्षदों ने की नाम वापसी
नाम वापसी के दिन पार्षद पद के लिए 51 आवेदकों ने अपने नामांकन वापस लिए। इनमें वार्ड नंबर 36 से कांग्रेस प्रत्याशी राहुल चौधरी और वार्ड नंबर 35 से बीएसपी प्रत्याशी मोहित कर्दम ने नामांकन वापस लिया। इसके अलावा 49 निर्दलीय भी मैदान से हट गए हैं। मंगलवार तक जहां 274 प्रत्याशी मैदान में थे। बुधवार को नाम वापसी पर अब 221 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। सभी उप निर्वाचन अधिकारी कार्यालयों से इन पार्षद पद के प्रत्याशियों को उनका चुनाव चिह्न अलॉट किया गया।
सेक्टर-36 से निर्विरोध चुने गए कुलदीप साहनी
भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को नाम वापसी के दिन ही अपना परचम लहरा दिया है। चुनाव में उतरने से पहले ही वार्ड-36 से कांग्रेस प्रत्याशी राहुल चौधरी उनके समर्थन में बैठ गए। राहुल ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इस सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी जगदीप गौड़ ने भी अपना नामांकन वापस लिया है। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी कुलदीप साहनी निर्विरोध चुने जाएंगे। हालांकि, देर शाम तक चुनाव आयोग की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।