फरीदाबाद। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला पुलिस ने महिलाओं के साथ-साथ किशोरावस्था व मासूम बच्चियों से भी पुलिस कार्यप्रणाली में सुधार के सुझाव मांगे। इसके तहत जहां एक तरफ एक दस वर्षीय बच्ची ने पुलिस आयुक्त की कुर्सी पर बैठकर ट्रैफिक मैनेजमेंट के सुझाव दिए। वहीं दूसरी तरफ एक 18 वर्षीय युवती ने एक दिन के लिए थाना प्रभारी का पद संभाला। 15 वर्षीय एक किशोरी ने भी शहर के क्राइम पर अंकुश लगाने के लिए अपने सुझाव दिए। पुलिस आयुक्त कार्यालय में सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल की 10 वर्षीय छात्रा प्रेरिता व 15 वर्षीय छात्रा चेष्टा ने पुलिस आयुक्त ओपी सिंह से मुलाकात कर जिले में क्राइम और ट्रैफिक कंट्रोल करके सुझाव दिए।
नियमों को तोड़ने वालों को सेमिनार में करें आमंत्रित : प्रेरिता
छात्रा ने कहा कि जो लोग यातायात नियमों का पालन करते हैं, उनकी फोटो लेकर चौक, चौराहों पर उनके बैनर लगाएं और सोशल मीडिया पर उसे प्रसारित करें। इससे दूसरों यातायात नियम पालन करने का प्रोत्साहन मिलेगा। प्रेरिता ने कहा कि जो लोग ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करते उनके ऊपर जुर्माना लगाकर उन्हें सेमिनार में आमंत्रित करें। ऐसे लोगों से एक दिन पुलिस प्रशासन के साथ ट्रैफिक ड्यूटी करवाई जाए। इससे उन्हें भी ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान अपनी सामाजिक दायित्व का एहसास होगा।
आमजनता में कम करें पुलिस का खौफ : चेष्टा
अपराध नियंत्रण पर सुझाव देते हुए छात्रा चेष्टा ने कहा कि अपराध रोकने के लिए तुरंत उसकी सूचना पुलिस को देनी होगी। इससे समय रहते पुलिस अपराधियों को पकड़कर अपराधों पर अंकुश लगा सकेगी। चेष्टा ने बताया कि ज्यादातर लोग पुलिस के खौफ के कारण सूचना नहीं देते। इसलिए एक ऐसी कार्य प्रणाली की जरूरत है जो अपराध के बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति को पुलिस के इस डर से मुक्त कर सके। सूचना देने वाले को किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई में शामिल न किया जाए, इससे भी लोगों में डर कम होगा।
छात्राओं के सुझाव का विश्लेषण कर अमल का दिया आश्वासन
पुलिस आयुक्त ने दोनों छात्राओं के सुझाव से खुश होकर उन्हें हरियाणा पुलिस की टी-शर्ट भेंट करते हुए उन्हें पुलिस आयुक्त की कुर्सी पर बैठाया और उनके सुझाव का विश्लेषण करके इस पर कार्य करने का आश्वासन दिया।
--
थाना प्रभारी बनी भव्या ने किया आईटीआई का दौरा
इधर सेक्टर आठ थाने में गांव सीही निवासी 18 वर्षीय भव्या मान ने एक दिन के लिए थाना प्रभारी का पद संभाला और पुलिस की कार्यप्रणाली को समझा। भव्या सुबह करीब दस बजे सरकारी पीसीआर से थाने पहुंची। यहां थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने गुलदस्ता भेंट कर भव्या का स्वागत किया। इसके बाद भव्या को थाना प्रभारी की कुर्सी पर बिठाया गया। पदभार संभालते ही भव्या ने पहले महिला आईटीआई का दौरा किया। वहां छात्राओं से सुरक्षा को लेकर आने वाली समस्याओं को जाना। इसके अलावा भव्या ने सेक्टर 11 व सेक्टर 7 चौकी का भी निरीक्षण किया। भव्या ने बताया कि वह पुलिस में भर्ती होकर समाज की सेवा करने के लिए उत्साहित हैं।