संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पूरे शहर में रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम और परंपरागत उल्लास के साथ मनाया गया। नीलम चौक, बाटा चौक, जवाहर कॉलोनी, संजय कॉलोनी, एनआईटी-1, 2, 3, 5, सेक्टर-3, 4, 7, 8 समेत अन्य इलाकों में सुबह से ही राखी की रौनक देखने को मिली। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर लंबी उम्र की कामना की। दुकानों पर रंग-बिरंगी राखियों, सजावटी थालियों और मिठाइयों की खरीदारी के लिए भीड़ जुटी रही।
हालांकि, शनिवार को तेज बारिश ने कई इलाकों में लोगों की आवाजाही पर असर डाला। बारिश दोपहर तीन बजे तक लगातार जारी रही, जिसके कारण जलभराव, ट्रैफिक जाम और फिसलन जैसी समस्याएं देखने को मिलीं। कई परिवारों को अपने रिश्तेदारों के घर समय पर पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद भाई-बहन के रिश्ते में बंधे इस पावन पर्व का जोश कम नहीं हुआ।
शाम के समय जैसे ही बारिश थमी, लोगों ने अपने घरों और आस-पड़ोस के रिश्तेदारों से मुलाकात की। बहनों ने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं भाइयों ने बहनों को उपहार देकर उनके प्रति अपना स्नेह जताया। कई बहनें ऐसी भी रहीं जो बारिश में भीगते हुए, कीचड़ और पानी भरे रास्तों से गुजरकर अपने भाइयों के घर पहुंचीं। इस दृढ़ संकल्प ने रक्षाबंधन की मिठास और भी बढ़ा दी।
मिठाई और गिफ्ट की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ रही। बच्चों में खास उत्साह देखा गया, जो रंग-बिरंगी राखियों और चॉकलेट के पैकेट लेकर भाई-बहन के बीच हंसी-मजाक में मशगूल रहे।
वर्जन-
बारिश ने रास्ते भले ही मुश्किल किए हों, लेकिन भाई-बहन के रिश्ते का जज्बा सबसे ऊपर है। - राहुल, सेक्टर-55 निवासी
भीगकर भी राखी बांधने पहुंची, क्योंकि भाई की कलाई खाली रहना अच्छा नहीं लगता। - भावना, सेक्टर-55