अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं करा पाए पात्र लोगों को अब एक और अवसर मिलेगा। निर्वाचन विभाग ने एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट) श्रेणी में शामिल मतदाताओं को दोबारा तलाशने का अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। भारत निर्वाचन आयोग ने दावे और आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 20 नवंबर कर दी है।
इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के सहयोग से ऐसे मतदाताओं को फिर से तलाश करेंगे। पात्र पाए जाने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने दावे और आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 20 नवंबर 2026 कर दी है। वहीं, अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रहे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि एएसडीडी सूची में शामिल किसी पात्र व्यक्ति ने यदि पहले ही फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर दिया है तो उसे दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है। उसके पहले से प्राप्त आवेदन के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस बारे में मंगलवार को राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक भी की।