बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे संपर्क
पुराने पते पर रहने वालों को एनेक्सर-बी और हरियाणा में पता बदलने वालों को एनेक्सर-सी देना होगा
फॉर्म-6 भरने वालों को दोबारा आवेदन की जरूरत नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के दौरान प्रारूप मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित रह गए मतदाताओं को भारत निर्वाचन आयोग ने एक और अवसर दिया है। अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट (एएसडीडी) श्रेणी में चिह्नित ऐसे मतदाता, जिनके एन्यूमरेशन फॉर्म वापस नहीं मिले थे, अब निर्धारित दस्तावेज के साथ आवेदन कर अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवा सकेंगे।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि छूटे मतदाताओं की बूथवार सूची मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड, पंचायत भवनों, शहरी स्थानीय निकाय और बीडीपीओ कार्यालयों में दोबारा प्रदर्शित होगी। इसे मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर पीडीएफ में भी अपलोड किया जाएगा। बीएलओ, बीएलए के सहयोग से घर-घर जाकर संपर्क करेंगे और पड़ोसियों, परिजनों तथा उपलब्ध मोबाइल नंबरों के माध्यम से भी जानकारी जुटाएंगे। उधर, एडीसी एवं 86-एनआईटी की ईआरओ अंजलि श्रोत्रिया और एसडीएम एवं फरीदाबाद-89 के ईआरओ डॉ. हनी बंसल ने बताया कि पुराने पते पर रहने वालों को हस्ताक्षरित एन्यूमरेशन फॉर्म एनेक्सर-बी और निर्धारित घोषणापत्र के साथ जमा करवाना होगा। हरियाणा में ही पता बदलने वालों को एनेक्सर-सी नए पते एवं विधानसभा क्षेत्र का विवरण और पते का प्रमाण देना होगा। उन्हें फॉर्म-आठ भरने की जरूरत नहीं है।