संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सूरजकुंड रोड स्थित श्री सिद्धदाता आश्रम के श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम में दिवाली का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे दिव्यधाम को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। परिसर में 11 हजार से अधिक मिट्टी के दीपक प्रज्ज्वलित किए गए। खास बात यह रही कि सभी दीपों में तिल के तेल का इस्तेमाल किया गया। हजारों दीपों की रोशनी से पूरा आश्रम जगमगा उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया। दीपावली के अवसर पर पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने वैकुंठवासी गुरु महाराज की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया। इसके बाद उन्होंने मां महालक्ष्मी का विधि-विधान से विशेष पूजन और अर्चन किया।