बल्लभगढ़, न्यू टाउन फरीदाबाद व फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से होकर गुजरती है
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मथुरा से दिल्ली की ओर जाने वाली लोकल शटल ट्रेनों की अनियमितता से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर ट्रेन संख्या 64905 मथुरा से चलकर दिल्ली की ओर जाती है। बल्लभगढ़, न्यू टाउन फरीदाबाद व फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से सैंकड़ों यात्री इसमें यात्रा करते हैं।
यात्रियों का कहना है कि मथुरा से दिल्ली जाने वाली शटल रोजाना सुबह 6:15 बजे बल्लभगढ़ स्टेशन पर पहुंचनी चाहिए, वह अब 7:30 बजे या उसके बाद ही आ रही है। रोजाना ऑफिस, कॉलेज और अन्य कार्यों के लिए यात्रा करने वाले लोगों के लिए ट्रेन की यह नियमित देरी अब आदत बन चुकी है, लेकिन परेशानी बढ़ती जा रही है। खासकर नौकरीपेशा, विद्यार्थी और महिला यात्रियों को लेट ट्रेन के कारण समय पर गंतव्य पर पहुंचना मुश्किल हो गया है।
यात्रियों ने बताया कि सिर्फ सुबह की ट्रेन ही नहीं, बल्कि शाम को दिल्ली से मथुरा की ओर लौटने वाली कई ईएमयू ट्रेनें भी हमेशा देर से चलती हैं। इससे लोग वैकल्पिक साधनों का सहारा लेते हैं, जिससे खर्च भी बढ़ जाता है और थकान भी।
रेलवे से यात्रियों की मांग है कि ट्रेनों के संचालन में समयबद्धता लाई जाए और स्टेशन पर डिजिटल डिस्प्ले व घोषणाओं के माध्यम से ट्रेनों की स्थिति की सटीक जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
टिकट चेकिंग में पकड़े गए 76 यात्री
रेलवे सुरक्षा बल और टिकट चेकिंग स्टाफ की टीम ने 19 जुलाई को पलवल स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। नई दिल्ली से पलवल के बीच चलने वाली लोकल ईएमयू ट्रेनों में अतिक्रमण और अवैध यात्रा की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान कुल 76 यात्री अवैध रूप से यात्रा करते पाए गए, जिनमें 69 बिना टिकट यात्री थे और 7 यात्री बिना बुक किए सामान के साथ पकड़े गए। सभी पर मौके पर 20,940 रुपये का जुर्माना और किराया वसूला गया। यह कार्रवाई वाणिज्यिक प्रबंधन निरीक्षक राजेश कुमारी और रेलवे सुरक्षा बल की निगरानी में की गई। चेकिंग टीम में कुल 8 सदस्य 4 टिकट चेकिंग अधिकारी और 4 आरपीएफ कर्मी शामिल रहे।
मैं रोज सुबह दिल्ली ऑफिस जाती हूं। ट्रेन अगर समय पर न आए तो ऑफिस लेट पहुंचती हूं और सैलरी कट होती है। 6:15 की जगह 7:30 बजे ट्रेन आना अब रोज की बात हो गई है। बहुत परेशान हैं हम लोग।- कृति चौहान, महिला यात्री
सिर्फ सुबह ही नहीं, शाम को भी मथुरा जाने वाली ट्रेनें समय पर नहीं चलतीं। कोई जानकारी नहीं मिलती कि ट्रेन कितनी लेट है। रेलवे को इस पर ध्यान देना चाहिए, ये रोज की परेशानी बन गई है। - पुष्पा, महिला यात्री