अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-11 हुडा मार्केट स्थित बाबा लाल दयाल मंदिर में बुधवार को श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा से पहले महिलाओं ने मंदिर परिसर से बैंडबाजों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली, जो सेक्टर के मुख्य मार्गों से होते हुए कथा स्थल पर संपन्न हुई। समाजसेवी धनपत कालड़ा ने भागवत की पूजा अर्चना की और पूजन के बाद कलश की स्थापना की।
कथा व्यास सुमेधानंद महाराज ने कथा का वर्णन करते हुए बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने से मानव जीवन में एक जन्म नहीं, अपितु कई जन्मों के पापों का नाश होने के साथ ही हमारे शुभ कर्मों का भी उदय होता है। कथा सुनने मात्र से जीव जन्म और मरण के बंधन से मुक्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि नारद ने भक्ति देवी के कष्ट की निवृत्ति के लिए श्रीमद्भागवत कथा का साप्ताहिक अनुष्ठान किया था। जहां संत कुमारों ने भागवत का प्रवचन करते हुए नारद के मन का संशय दूर किया। इसी कथा को धुंधकारी प्रेत ने अपने अग्रज से श्रवण किया और प्रेत योनि से मुक्ति पाकर विष्णु लोक को प्राप्त हुए। कथा व्यास ने कहा कि भागवत सुनने से जीव के सभी पाप कर्म मिट जाते हैं। इस अवसर पर धनपत कालड़ा, शैलेंद्र गर्ग, रविंद्र गर्ग सहित अन्य मौजूद रहे।