लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगा, 180 दिनों में काम पूरा करने का लक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में तेजी से बढ़ती आबादी और कंक्रीट के फैलते दायरे के बीच शहर के पार्क लोगों के लिए राहत का सबसे बड़ा सहारा बनते जा रहे हैं। शहर के मुख्य पार्क रोज गार्डन, टाउन पार्क आदि में सिंटेथिक ट्रैक बनाने की परियोजना के बाद अब वार्ड आठ के श्री राम पार्क में म्यूजिकल फाउंटेन और आधुनिक लाइटिंग का काम शुरू किया जा रहा है जिससे यह पार्क शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो सकेगा। निगम ने प्रक्रिया पूरी कर ली है और अगले 180 दिनों में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे पार्क का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और शाम के समय रंगीन रोशनी तथा संगीत के साथ पानी की फुहारें आकर्षण का केंद्र बनेंगी।
फरीदाबाद की आबादी लगातार बढ़ रही है। ग्रेटर फरीदाबाद, एनआईटी, बल्लभगढ़ और पुराने शहर के क्षेत्रों में तेजी से नई कॉलोनियां और रिहायशी सेक्टर विकसित हुए हैं। इसके साथ ही लोगों की जरूरतें भी बदली हैं। अब केवल टहलने के लिए पार्क पर्याप्त नहीं माने जाते बल्कि लोग ऐसी जगह चाहते हैं जहां बच्चों के खेलने, बुजुर्गों के बैठने और परिवार के साथ कुछ समय बिताने की बेहतर व्यवस्था हो। इसी जरूरत को देखते हुए सरकार शहर के पार्कों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने पर जोर दे रही है।
पिछले कुछ वर्षों में फरीदाबाद के कई प्रमुख पार्कों में सिंथेटिक रनिंग ट्रैक बनाए गए हैं। कई स्थानों पर ओपन जिम, एलईडी लाइटें, बच्चों के खेल उपकरण और बैठने की नई व्यवस्था भी विकसित की गई है। अब श्री राम पार्क में म्यूजिकल फाउंटेन स्थापित करने की पहल पार्कों के आधुनिकीकरण की इसी कड़ी का अगला चरण है।
छह माह में पूरा होगा कार्य
शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने परियोजना की प्रक्रिया पूरी कर चयनित एजेंसी को कार्य सौंप दिया है। विभाग ने 180 दिनों के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस दौरान म्यूजिकल फाउंटेन के साथ आधुनिक लाइटिंग और उससे जुड़ी तकनीकी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय सीमा की नियमित निगरानी की जाएगी ताकि लोगों को बेहतर और टिकाऊ सुविधा मिल सके।
शहर के अन्य पार्कों के लिए भी मॉडल साबित हो सकती है परियोजना
फरीदाबाद में इस समय सड़क, सीवर, ड्रेनेज, जलापूर्ति और हरित क्षेत्रों से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। शहर को अधिक रहने योग्य बनाने के लिए सार्वजनिक पार्कों को भी नई पहचान देने की कोशिश की जा रही है। यदि श्री राम पार्क की यह परियोजना तय समय पर पूरी होती है तो यह न केवल वार्ड-8 बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगी, बल्कि यह शहर के अन्य पार्कों के लिए भी एक मॉडल साबित हो सकती है।
लोगों की सुविधा के लिए निगम कई स्तर पर काम कर रहा है। इस परियोजना को भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
-धीरेंद्र खड़गटा, निगम आयुक्त