मामले का खुलासा करते हुए पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि गांव खेड़ी निवासी रोहित ने बीपीटीपी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। रोहित ने बताया कि उसका चचेरा भाई देव उर्फ भोला 12वीं कक्षा का छात्र है और एनएस विद्या मंदिर स्कूल, फरीदपुर में पढ़ता है। आरोपी अभिषेक के चाचा की बेटी भी इसी स्कूल में पढ़ती है।
छात्र देव ने छात्रा (अभिषेक की चचेरी बहन) के साथ बदतमीजी कर दी थी। 31 जुलाई को जब देव स्कूल से घर लौट रहा था, तो रास्ते में कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर सीधे गांव खेड़ी स्थित देव के घर पहुंचे और वहां दहशत फैलाने के इरादे से फायरिंग कर मौके से भाग गए।
पिस्तौल सप्लाई करने वाले की पहचान, जल्द होगी गिरफ्तारी
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एवीटीएस-2 भूपानी के प्रभारी उप निरीक्षक सुरेश के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक जवाहर, सिपाही भवानी प्रसाद और सिपाही सचिन की टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दो अगस्त को दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी अभिषेक के कब्जे से एक देशी पिस्तौल और एक कारतूस बरामद किया गया, जबकि सह-आरोपी अमन उर्फ फल्लू की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी अभिषेक ने करीब एक वर्ष पहले यह देशी पिस्तौल खरीदी थी। पुलिस टीम ने पिस्टल सप्लाई करने वाले हथियार सप्लायर की पहचान कर ली है और उसे भी जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।