संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित एक अहाते में शुक्रवार रात हरेंद्र अपने दोस्तों के साथ शराब पीने गए थे। इस दौरान उनका एक दोस्त पार्किंग में खड़ी गाड़ी में बैठा था। वहां टोनी अपने कुछ दोस्तों के साथ पहुंचा। आरोपियों ने गाड़ी में बैठे आकाश के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और उसके एक पैर में गोली मारकर फरार हो गए। आनन-फानन में उसे सेक्टर-16 स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्जकर लिया है।
पलवल निवासी हरेंद्र उर्फ भुल्लड़ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया वह फाइनेंस का काम करता है। शुक्रवार रात वह अपने दोस्त मूलचंद, कर्मबीर भाटी, यतिन भड़ाना, एसडीओ हेमंत, एसडीओ दीपक हुड्डा व पराग सिंगला के साथ सेक्टर-12 स्थित खातिर नाम के अहाते में शराब पी रहे थे। इसी बीच उनका दोस्त आकाश शराब ठेके के सामने पार्किंग में खड़ी कार में जाकर बैठ गया। आरोप है गांधी कॉलोनी निवासी टोनी और एनआईटी पांच निवासी विशाल वहां अपने दोस्तों के साथ पहुंच गए। सभी ने लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से आकाश पर हमला कर दिया तथा कार के शीशे तोड़ दिए। आरोपियों ने पिस्तौल निकालकर आकाश के पैर में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर अंदर शराब पी रहे सभी दोस्त बाहर आ गए। उन्हें आता देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। दोस्तों ने आकाश को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराकर पुलिस को सूचना दी। सेंट्रल थाना पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शादी समारोह में हुई बहस की रंजिश में किया हमला
हरेंद्र ने पुलिस को बताया दो मार्च को वह विशाल की शादी में दिल्ली गए थे। वहां किसी बात पर उसकी टोनी से बहस हो गई थी। इस बात से टोनी उससे रंजिश रखता था। शुक्रवार को शराब पीने के दौरान टोनी की पत्नी ने हरेंद्र को फोन कर धमकी भी दी थी। आरोप है रंजिश में टोनी और विशाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर आकाश के साथ मारपीट की।