अब 15 के बजाय 20 जुलाई से शुरू होंगी खंड स्तरीय प्रतियोगिताएं
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के खंड स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं के शेड्यूल में शिक्षा विभाग ने बदलाव किया है। विभाग के नए आदेश के अनुसार सभी आयु वर्ग की खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं अब 15 जुलाई के बजाय 20 जुलाई से शुरू होंगी।
नए शेड्यूल के मुताबिक सबसे पहले अंडर-17 आयु वर्ग के खंड स्तरीय मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। ये मैच 20 से शुरू होकर 25 जुलाई तक चलेंगे। शिक्षा विभाग का कहना है कि इन खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन जिले के विभिन्न निर्धारित सरकारी और निजी विद्यालयों के खेल मैदानों में ही किया जाएगा, ताकि स्थानीय स्तर पर बच्चों को आने-जाने में कोई असुविधा न हो। इस बार की खेल प्रतियोगिता में जिले के स्कूली खिलाड़ी कराटे, जूडो, शूटिंग, बास्केटबॉल, फुटबॉल, एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल जैसे रोमांचक खेलों में अपना हुनर और दम दिखाते नजर आएंगे। खेल शिक्षा अधिकारी हरबीर अधाना का कहना है कि शेड्यूल में बदलाव होने से खिलाड़ियों को तैयारियों के लिए पांच दिन का अतिरिक्त समय मिल गया है। इसके तुरंत बाद जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।