बुजुर्ग दंपती के नाम फर्जी लोन लेकर 3.20 लाख की धोखाधड़ी, बैंक मैनेजर समेत तीन पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। कैनरा बैंक की बघौला शाखा में बुजुर्ग दंपती के नाम पर फर्जी तरीके से लोन पास कर 3.20 लाख रुपये की राशि दूसरे व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दी गई। इस मामले में गदपुरी थाना पुलिस ने बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक सहित तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मीसा गांव निवासी शिकायतकर्ता पंकज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके माता-पिता गिर्राज सिंह और भोतन देवी के पलवल के आगरा चौक स्थित कैनरा बैंक में वृद्धा पेंशन का खाता हैं। कुछ समय से दोनों खातों में पेंशन की राशि आने के बजाय लोन की किस्तें कटने लगीं। संदेह होने पर जब बैंक से जानकारी ली गई तो खुलासा हुआ कि कैनरा बैंक बघौला शाखा से उनके माता-पिता के नाम पर 1.60 लाख रुपये के दो अलग-अलग लोन पास किए गए हैं।
शिकायत के अनुसार दोनों लोन की कुल 3.20 लाख रुपये की राशि नीलम जैन नाम की महिला के खाते में ट्रांसफर की गई। पीड़ित बुजुर्ग दंपती का नीलम जैन या उसके परिवार से कोई संबंध नहीं है। आरोप है कि यह फर्जीवाड़ा तत्कालीन शाखा प्रबंधक योगेश कुमार ने नीलम जैन और उसके पुत्र डॉ. मनीष जैन के साथ मिलकर साजिश के तहत किया।
पुलिस जांच में बैंक रिकार्ड से पुष्टि हुई कि 29 दिसंबर 2023 को दोनों लोन पास किए गए और पूरी राशि नीलम जैन के खाते में ट्रांसफर की गई। गदपुरी थाना पुलिस ने जांच रिपोर्ट के आधार पर धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।