-धर्म परिवर्तन न करने पर शादी से किया इनकार, मारपीट कर घर से भगाया
-आरोपी गिरफ्तार, युवती के बयान करा रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह जबरन धर्मांतरण के मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस बार पंजाब की एक युवती को मेवात बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाने, पैसे ऐंठने तथा जबरन धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने का आरोप लगा है। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर घर से भगा दिया। पीड़िता फिरोजपुर झिरका शहर थाना पहुंची और मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवती की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस युवती के 164 के बयान करा रही है।
फिरोजपुर पंजाब के राना गांव निवासी प्रियंका पुत्री जोगिंद्र सिंह ने दर्ज करवाए मुकदमे के अनुसार सोशल मीडिया के माध्यम से करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात फिरोजपुर झिरका के ढोंढ निवासी जहीर पुत्र यूनूस से हुई थी। धीरे-धीरे उनकी बात होने लगी और जहीर ने उससे शादी का वादा किया। इसी दौरान एक बार आरोपी ने उसे खाना खाने के बहाने होटल में बुलाया और वहां उसके साथ मर्जी के खिलाफ दुष्कर्म किया तथा धोखे से अश्लील वीडियो बना ली। इसके बाद उस वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी देकर कई बार वारदात को अंजाम दिया। करीब एक- डेढ़ लाख रुपये भी ऐंठ लिए।
करीब 15 दिन पहले आरोपी ने उससे कहा कि उनकी ईद आ रही है, जिस पर वह उसके साथ शादी करेगा। शादी का झांसा देकर 20 मार्च को उसे आरोपी ने अपने गांव ढोंढ बुला लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने उससे कहा कि वह धर्म परिवर्तन कर ले, पीड़िता ने जब धर्म परिवर्तन करने से मना किया तो शादी से इनकार कर दिया और उसके साथ मारपीट की। जिसके बाद वह पुलिस के पास पहुंची और शिकायत दी।
नए एक्ट का पहला मुकदमा भी मेवात में दर्ज हुआ :
बता दें कि समय-समय पर धर्म परिवर्तन कराने के मामले उठते रहते है। नए एक्ट के तहत पूरे प्रदेश में सबसे पहले धर्म परिवर्तन कराने का मुकदमा भी मेवात के मालब गांव निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ दर्ज हुआ था। इसके बाद यह एक नया मामला सामने आया है।