सिर्फ आवागमन ही बाधित नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों का रोजमर्रा का जीवन भी प्रभावित हो रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर- 22ए में पिछले कई दिनों से सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है, जिसके कारण पूरे इलाके की स्थिति बेहद खराब हो गई है। जगह-जगह सड़कों पर गंदा पानी भर जाने से न सिर्फ आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि स्थानीय लोगों का रोजमर्रा का जीवन भी प्रभावित हो रहा है। तेज बदबू और गंदगी के कारण इलाके का वातावरण दूषित हो गया है। इससे लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सीवर की यह समस्या कई दिनों से लगातार बनी हुई है, लेकिन अब तक प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। गंदा पानी सड़कों पर बहने से कीचड़ और गंदगी फैल गई है, जिससे लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों ने बताया कि इलाके में लगातार बनी इस स्थिति के कारण संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी तेजी से बढ़ता जा रहा है। गंदे पानी के लंबे समय तक जमा रहने से डेंगू, मलेरिया और त्वचा संबंधी रोग फैलने की आशंका रहती है। लोगों का कहना है कि बच्चों के स्वास्थ्य पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है, इसलिए वे बेहद चिंतित हैं और जल्द समाधान की मांग कर रहे है।
कई बार शिकायत करने के बाद भी जिला प्रशासन द्वारा कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
- विकास, निवासी
घर के बाहर गंदा पानी जमा होने के कारण बच्चों को बाहर भेजने में भी संक्रमण का डर बना रहता है।
- रीना, निवासी
बदबू के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है। गंदगी के कारण इलाके का वातावरण दूषित हो गया।
- अशोक कुमार, निवासी
सुबह उठते ही गंदे पानी से सामना करना पड़ता है, जिससे परेशानी होती है। समस्या का हल निकाला जाए।
- सविता, निवासी