शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान, गंदगी और दुर्गंध से लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। वार्ड-14 के इंद्रा नगर में कई दिनों से सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है। सीवर का गंदा पानी घरों के अंदर तक पहुंच रहा है। इससे लोगों के सामने घर की सफाई से लेकर रोजमर्रा के काम करने तक की परेशानी खड़ी हो गई है। गंदे पानी के कारण इलाके में दुर्गंध फैली हुई है और बीमारी फैलने का खतरा सता रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवर का पानी लगातार जमा रहने से घरों के आसपास का वातावरण खराब हो गया है। कई घरों के सामने पानी जमा होने के कारण लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। वहीं, पानी में मच्छरों के पनपने की आशंका से लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
लोगों का कहना है कि कई दिनों से बनी इस समस्या को लेकर प्रशासन को कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है। शिकायत के बावजूद पानी की निकासी नहीं होने से लोगों की परेशानी लगातार बनी हुई है। बारिश होने पर स्थिति और खराब हो जाती है।
स्थानीय निवासी किशन ने बताया कि घर में गंदा पानी आने के बाद सफाई करना मुश्किल हो जाता है। परिवार के लोगों को कई बार सामान दूसरी जगह रखना पड़ता है।
संध्या ने बताया कि कई दिनों से हालात ऐसे ही बने हुए हैं। घर के आसपास का माहौल खराब हो गया है और बच्चों को लेकर चिंता रहती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सीवर लाइन की तत्काल सफाई कराने और पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है।