-एफएमडीए बारिश से पहले सीवर और ड्रेनेज लाइनों को साफ करवाने में जुटा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर के प्रमुख नालों और सीवर लाइनों की सफाई में एफएमडीए सीसीटीवी कैमरों की मदद लेगा। जिससे नालों की सफाई सही तरीके से हो सके। इस कार्य को मानसून से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, प्रमुख मैनहोल में सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी ताकि जाम होने से पहले उसे साफ कराया जा सके।
हाईवे स्थित नीलम मेट्रो स्टेशन चौक के सामने वाली रोड पर अक्सर सीवर का गंदा पानी जमा रहता था। इसकी मुख्य वजह सीवर का जाम होना है। इसके अलावा थोड़ी सी बारिश होने पर विद्या मंदिर स्कूल के सामने करीब डेढ़ किलोेमीटर पर पानी एकत्रित हो जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए एफएमडीए ने करीब 75 मैनहोल की सफाई कराई है, जबकि आधा दर्जन से अधिक मैनहोल नहीं मिल रहे हैं। एफएमडीए के अधिकारी का कहना है कि पिछले दिनों यह सभी मैनहोल नगर निगम के अंतर्गत आते थे, इस संबंध में नगर निगम से कई बार नक्शा मांगा गया है, जिससे की सभी की सफाई कराई जा सके। आरोप है कि नगर निगम की ओर से इसकी सूचना नहीं दी जा रही है। इससे करीब अभी भी आधा दर्जन से अधिक मैनहाेल की सफाई नहीं हो पा रही है। एफएमडीए के एसडीओ इस्तयाक खान का कहना है कि मैनहोल की सफाई कर बीपीटीपी स्थित मुख्य सीवर लाइन से जोड़ दिया गया है। स्थानीय लोगों को पानी की निकासी से निजात मिल सकती है। अभी तक मेनहोल जाम होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
मैनहोल के अंदर लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिससे बारिश के मौसम में यहां के लोगों को जलजमाव की समस्या से निजात मिल सके। यहां बारिश होने के बाद घुटने तक पानी एकत्रित हो जाता है। एफएमडीए की ओर से मैनहोल की सफाई के दौरान सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जिससे सफाई कार्य को देखा जा सके। वहीं, बाद में इसे कार्यालय से मॉनिटर किया जाएगा। अगर किसी भी मैनहोल में गंदगी दिखती है, तो उसकी तुरंत सफाई कराई जाएगी। मथुरा रोड से सेक्टर 15ए तक करीब 18 लाख रुपये सीसीटीवी कैमरे और मैनहोल की सफाई में खर्च किए गए हैं।
वर्जन
सीवर के मैनहोल में सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से निगरानी की जाएगी। कोई समस्या मिलती है तो उसे तुरंत दूर किया जाएगा। इसके अलावा नालों की सफाई में कैमरों की मदद ली जाएगी।
विकास बंसल, मुख्य अभियंता एफएमडीए