पशुओं को खुले में न छोड़ने के लिए शहरवासियों से की गई अपील, लगातार जारी रहेगा अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में घूमने वाले निराश्रित गोवंश को पकड़ने के लिए नगर निगम की ओर से अभियान चलाया गया। तीन दिन तक लगातार अभियान चलाकर नगर निगम ने शहर में लोगों के लिए परेशानी बनने वाले 74 गोवंश को पकड़कर गोशाला भेजा है। इसके साथ ही पशु पालकों से भी अपील की है कि वह अपने पशुओं को शहर में घूमने के लिए न छोड़ें। अगर शहर में वह घूमते मिले तो उन्हें भी पकड़ा जाएगा और संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
लोगों को परेशानी से बचाने के लिए निगम की ओर से 12 से 14 अक्तूबर तक अभियान चलाया गया। नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह के दिशा-निर्देशों के बाद कार्रवाई की गई। जिससे शहर की सड़कों पर घूमने वाले गोवंश पर अंकुश लग सके और इनकी वजह से होने वाले हादसों को रोका जा सके। निगम आयुक्त ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर गोवंश को सड़कों पर खुला छोड़ता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा।
अभियान के तहत नगर निगम की टीमों ने बल्लभगढ़, ओल्ड फरीदाबाद, तिगांव, एनआईटी और बड़खल जोन में सघन कार्रवाई करते हुए पशुओं को पकड़ा। अधिकारियों ने बताया कि तीन दिन में 74 निराश्रित गोवंश को पकड़कर मवई और गोपाल गोशाला में पहुंचाया गया है। आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा, जिससे शहर वासियों और राहगीरों को किसी तरह की परेशानी न हो।