सीएमओ की ओर से वरिष्ठ चिकित्सकों को सौंपी गई है निगरानी की जिम्मेदारी, रिपोर्ट स्वास्थ्य निदेशक को भेजी जाएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिला नागरिक अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. जयंत आहूजा ने वरिष्ठ चिकित्सकों को समय-समय पर निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी क्रम में सोमवार को वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रविशंकर गौड़ ने बीके नागरिक अस्पताल का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
हाल ही में स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक डॉ. ब्रह्मदीप सिंह ने बीके अस्पताल का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों और कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद अस्पताल में नियमित निरीक्षण की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया गया है।
डॉ. रविशंकर गौड़ ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, वार्डों की व्यवस्था, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न विभागों में जाकर मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत की तथा अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों और कर्मचारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा ड्यूटी के दौरान पूरी गंभीरता बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही अस्पताल में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया।
डॉ. गौड़ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों और सुझावों को रिपोर्ट में शामिल कर राज्य स्वास्थ्य निदेशक को भेजा जाएगा, ताकि आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जा सकें।
मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों की रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को भेजा जाएगा।-डॉ. रविशंकर गौड़, वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ