अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद।
एनआईटी-3 स्थित डीएवी कॉलेज के पास जूस दुकानदार गंगाराम पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंगाराम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल को उपचार के लिए बीके अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
परिजनों के अनुसार गंगाराम डीएवी कॉलेज के पास जूस की दुकान लगाता है। मंगलवार को वह दुकान पर मौजूद था, तभी हथियारों से लैस 5-6 लोग वहां पहुंचे और हमला कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि हमलावरों में कमल भड़ाना, जगवीर भड़ाना, अनिल भड़ाना समेत 4-5 अन्य लोग शामिल थे। परिजनों ने बताया कि पुलिस ने गंगाराम को सुरक्षा में गार्ड तैनात किया है। घटना के समय सुरक्षा कर्मी खाना खाने गया हुआ था। तभी आरोपियों ने मौके का फायदा उठाकर हमला कर दिया।
परिजनों का कहना है कि साल 2024 में आरोपियों के खिलाफ गंगाराम ने एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था। इसी मामले को वापस लेने के लिए उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उनका आरोप है कि इस मामले में आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर है। इसी रंजिश में हमले की साजिश रची गई।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।