गेट बंद करने के दौरान हादसा, एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-28 हाईवे स्थित एक कार एजेंसी में लाेहे के गेट के नीचे दबकर सुरक्षा कर्मी की मौत हाे गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। धीरज नगर निवासी आदर्श ने पुलिस को दी शिकायत में बताया पिता अखिलानंद प्रसाद सेक्टर-28 स्थित मारूति अरेना मोटर्स एजेंसी में तीन साल से सुरक्षा गार्ड की नौकरी कर रहे थे। बुधवार रात करीब 10 बजे वे ड्यूटी के लिए निकले थे। बृहस्पतिवार सुबह उनके बड़े भाई के पास एजेंसी की तरफ से फोन आया कि लोहे के गेट के नीचे दबकर अखिलानंद प्रसाद की मौत हो गई है। सूचना पाकर परिवार के सदस्य एजेंसी में पहुंचे तो देखा अखिलानंद लोहे के गेट के नीचे दबे हुए थे। एजेंसी कर्मचारियों के मुताबिक रात में एजेंसी का एक अधिकारी कार लेकर बाहर निकला था। अखिलानंद ने उसके लिए गेट खोला था। गेट बंद करते समय अचानक से लोहे का करीब आठ क्विंटल भारी गेट उनके ऊपर गिर पड़ा। मृतक के परिजनों का आरोप है एजेंसी की लापरवाही के कारण हादसा हुआ है। गेट को रोकने के लिए एजेंसी ने कोई सपोर्ट नहीं लगा रखा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद बीके अस्पताल में रखवा दिया है।