संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा को लेकर पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने महत्वपूर्ण स्थानों मॉल, होटल और बैंक इत्यादि को चेक करने के निर्देश दिए। इस पर पुलिस टीमों ने तीनों जोन में स्थित ओयो होटलों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुरक्षा के मद्देनजर एनसीआर में सतर्कता बढ़ाई गई है। थाना प्रबंधक एनआईटी, धौज, पुलिस चौकी संजय कॉलोनी, ग्रीन फील्ड, पीपी नंबर-2, पुलिस चौकी अग्रसेन, सेक्टर-11, सेक्टर-3 इत्यादि टीम द्वारा फरीदाबाद के तीनों जोन में स्थित ओयो होटलों को सुरक्षा के मद्देनजर चेक किया गया।
सभी थाना व चौकी प्रभारियों द्वारा इलाके के लोगों को बताया जा रहा है कि अपने क्षेत्र के किरायेदारों, ड्राइवर, सहायक, मेड, इत्यादि का वैरिफिकेशन कराएं। बाहरी, अजनबी एवं संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में पुलिस को सूचना दें। होटल में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगे होने के साथ-साथ आने जाने वालों की आईडी के साथ एंट्री होनी चाहिए और रजिस्टर भी मेंटेन होना चाहिए।