संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए जीआरपी ने ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे जीआरपी प्रभारी राजपाल के नेतृत्व में स्टेशन के सभी पांचों प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर और परिसर के हर कोने की बारीकी से तलाशी ली गई।
इस अभियान के दौरान बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने यात्रियों के बैग, सूटकेस और अन्य सामानों को खंगाला। स्टेशन परिसर के साथ-साथ ट्रेनों के अंदर भी गहन जांच की गई। जीआरपी प्रभारी राजपाल ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशों पर यह अभियान चलाया जा रहा है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। जांच के दौरान फिलहाल कोई भी संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है।
पुलिस ने इस दौरान यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। जीआरपी ने अपील की है कि यदि प्लेटफॉर्म या ट्रेन के अंदर कोई भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध बैग दिखाई दे, तो उसे हाथ न लगाएं और तुरंत पुलिस को सूचित करें। अधिकारियों का कहना है कि गणतंत्र दिवस तक यह सुरक्षा घेरा और कड़ा रहेगा व रेलवे स्टेशनों पर नियमित रूप से इसी तरह की चेकिंग जारी रहेगी।