होटलों, गेस्ट हाउस, मॉल, सिनेमा हॉल, मेट्रो स्टेशनों और बस स्टैंड पर चल रही विशेष जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण और सुरक्षित मनाने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिले की सीमाओं पर 11 स्थानों पर नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस ने होटल, गेस्ट हाउस, ओयो, धर्मशाला, मॉल, सिनेमा हॉल, मेट्रो स्टेशनों, बस स्टैंड, बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी शुरू की है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, सभी थाना प्रबंधकों को अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त, नाकाबंदी और चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। किरायेदारों और घरेलू सहायकों के सत्यापन के साथ ठहरने वाले स्थानों पर आने-जाने वाले लोगों की जानकारी भी जांची जा रही है। सुरक्षा एजेंट और सीआईडी की जोन वार टीमें स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर निगरानी कर रही हैं।
बदरपुर बॉर्डर, सूरजकुंड, मांगर, पल्ला, भूपानी, तिगांव और छायंसा क्षेत्र समेत 11 स्थानों पर विशेष नाके लगाए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों और सोशल मीडिया के जरिये भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पड़ोसी जिलों और राज्यों की पुलिस से सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है।
यातायात व्यवस्था भी बदली
14 अगस्त की रात आठ बजे से 15 अगस्त को कार्यक्रम समाप्त होने तक दिल्ली की ओर जाने वाले भारी व मध्यम मालवाहक वाहनों तथा इंटरस्टेट बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने लोगों से यातायात निर्देशों का पालन करने और किसी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।