बिजली आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण
मोहित शुक्ला
फरीदाबाद। सेक्टर-2 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने बिजली आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को आधुनिक बनाने की अहम परियोजना शुरू की है। यह योजना बिजली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी। इसके तहत चार नए ट्रांसफार्मर के साथ एचटी एलटी लाइन और पोल व लाइट लगाने के काम किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, इस योजना में तीन नए 200 केवीए ट्रांसफार्मर, एच.टी. 11 केवी लाइन, एल.टी. लाइन और 12.5 मीटर ऊंचे हाई मास्ट पोल के साथ एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इन सबके जरिए सेक्टर-2 और आसपास के इलाकों में बिजली की गुणवत्ता और स्थिरता में व्यापक सुधार आएगा। खास बात यह है कि लाइटें एलईडी तकनीक वाली होंगी, जो ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देने के साथ-साथ बिजली खर्च और कार्बन फुटप्रिंट को भी घटाएंगी। परियोजना के पूरा होने पर लोगों को कई लाभ मिलेंगे। इसके तहत नए ट्रांसफार्मर और लाइनों से सेक्टर-2 में बार-बार होने वाली कटौतियों पर रोक लगेगी। इससे घरेलू जीवन, दफ्तरों और छोटे व्यवसायों को काफी सुविधा होगी।
अंधेरे के कारण होने वाले हादसों पर लगेगी रोक
हाई मास्ट और एलईडी स्ट्रीट लाइटें रात में बेहतर रोशनी देंगी, जिससे दुर्घटनाओं और अपराध की संभावना घटेगी। स्थानीय लोगों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार होगा। वहीं वाहन चालकों को भी इससे काफी लाभ मिलेगा। परियोजना में पर्यावरण का भी ध्यान रखा जाएगा। परियोजना के तहत लगने वाली एलईडी लाइटें न केवल कम बिजली खर्च करेंगी बल्कि पर्यावरण पर भी सकारात्मक असर डालेंगी। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि यह परियोजना तीन माह की समयसीमा में पूरी की जाएगी। स्थानीय निवासी इस योजना को लेकर उत्साहित हैं। उनका मानना है कि लगातार बिजली कटौती और अंधेरे वाले इलाकों से उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। अब नई व्यवस्था लागू होने के बाद सुरक्षा और सुविधा दोनों में सुधार होगा।
वर्जन
फरीदाबाद के विकास के लिए प्राधिकरण की तरफ से कई परियोजनाओं का कार्य किया जा रहा है। जल्द ही लोगों को इन सभी का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। -अश्वनी गौर, कार्यकारी अभियंता, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण