ओमेक्स वर्ल्ड स्ट्रीट में भी दो दुकानों को किया गया सील
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद ने प्रॉपर्टी टैक्स बकाया रखने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शहर में सीलिंग अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में निगम की टीम ने सेक्टर-16 स्थित एक निजी रेस्त्रां को करीब पौने छह लाख रुपये का टैक्स बकाया होने पर सील कर दिया जबकि ओमेक्स वर्ल्ड स्ट्रीट की दो दुकानों पर भी कार्रवाई की गई।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार सेक्टर-16 के इस रेस्त्रां पर पहले करीब पौने छह लाख रुपये का बकाया था। टैक्स जमा कराने के लिए रेस्त्रां संचालक को कई बार नोटिस जारी किए गए लेकिन भुगतान नहीं होने पर सीलिंग की कार्रवाई करनी पड़ी। वहीं ओमेक्स वर्ल्ड स्ट्रीट स्थित दो दुकानों को भी टैक्स बकाया के चलते सील किया गया। इनमें से एक दुकान पर करीब एक लाख रुपये और दूसरी पर लगभग सवा लाख रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था। नगर निगम फरीदाबाद के जेडीओ कन्हैया लाल ने बताया कि टैक्स वसूली को लेकर निगम किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगा। सीलिंग के बाद रेस्त्रां मालिक ने पूरा बकाया प्रॉपर्टी टैक्स निगम के खाते में जमा करा दिया है। इसके बाद निगम प्रशासन ने डी-सीलिंग की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार औपचारिक प्रक्रिया पूरी होते ही रेस्त्रां को फिर से खोल दिया जाएगा।