संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ के आईएमटी क्षेत्र में ठेके के पास 30 नवंबर को सुरक्षाकर्मी की हत्या हो गई थी। उस संबंध में भूपेंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि उसका भाई सतपाल आईएमटी क्षेत्र में रहता था। 30 नवंबर की रात साथी गोविंद और सतपाल गुरुग्राम जा रहे थे। ऑटो के किराये को लेकर चालक से विवाद हो गया। ऑटो चालक और उसके साथी ने बीयर की बोतल से हमला कर दिया। उस हमले में सतपाल की मौत हो गई । सदर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज करके ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया था। इसी मामले में पुलिस ने ऑटो चालक के साथी नंदू उर्फ विष्णु निवासी चंदावली को बल्लभगढ़ बस अड्डे से गिरफ्तार किया है। आरोपी को पूछताछ के बाद अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया है।