सेक्टर-28-29 मोड़ बाईपास से दबोचा, बुलंदशहर का है आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी के मामले में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की फरीदाबाद यूनिट ने दूसरे अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ध्रुव भाटी निवासी गांव भोंरा वैर बादशाहपुर, बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसे सेक्टर-28-29 मोड़ बाईपास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। इस मामले में ब्यूरो की टीम ने नौ अगस्त को आरोपी प्रवीन कुमार को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके घर, गोदाम और मेडिकल स्टोर से 6246 अल्प्राजोलम गोलियां समेत कुल 6866 नशीली दवाएं बरामद की गई थी।
पूछताछ में सामने आया बुलंदशहर का कनेक्शन
ब्यूरो के अनुसार प्रवीन कुमार से पूछताछ और मामले की आगे की जांच में ध्रुव भाटी की संलिप्तता सामने आई। पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे सेक्टर-28-29 मोड़ बाईपास से गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो अब आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। रिमांड के दौरान नशीली दवाओं की आपूर्ति कहां से होती थी, फरीदाबाद में किसे सप्लाई की जाती थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटाई जाएगी।