संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। स्थानीय एसडीएम हरिराम ने बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हथीन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र में तैनात दोनों मेडिकल अफसर समेत पांच एएनएम समेत कई कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले। एसडीएम के निरीक्षण के समय सीएचसी में केवल दो स्टाफ नर्स और दो फार्मासिस्ट ही मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम हरिराम ने मौजूद कर्मचारियों से सीएचसी की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मेडिकल अफसरों और अन्य स्टाफ की गैरहाजिरी को गंभीर अनुशासनहीनता बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें। इसके साथ ही मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में कोई कोताही न बरतें। उन्होंने कहा कि आमजन को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के बाद एसडीएम ने पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला उपायुक्त और अन्य उच्च अधिकारियों को भेज दी है।