संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। सदर थाना क्षेत्र से एक 25 वर्षीय युवक को कार सवार बदमाशों द्वारा अगवा करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिजनों ने बताया कि सुबासेडी निवासी शेर मोहम्मद का पुत्र आजाद अपने 12 वर्षीय बेटे के साथ एचपी. गैस एजेंसी से सिलिंडर भरवाकर मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था। जैसे ही वह नाई नंगला रोड पर रेलवे पुलिया के नीचे पहुंचा, वहां पहले से खड़ी एक कार में सवार 5-6 बदमाशों ने उसे जबरन रोक लिया और उसे कार में डालकर अगवा कर लिया। बदमाश गैस सिलेंडर और मोटरसाइकिल भी साथ ले गए। इस दौरान आरोपियों ने बच्चे को भी पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसके जोर-जोर से रोने और शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, जिससे घबराकर बदमाश उसे मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों का कहना है कि आजाद की किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था। पुलिस ने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।