अमृता अस्पताल के पास हुआ हादसा, पंचर बनाता था युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। ग्रेटर फरीदाबाद स्थित निजी अस्पताल के पास इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर पंचर बनाने का काम करने वाले 38 वर्षीय व्यक्ति की स्कॉर्पियो की टक्कर से मौत हो गई। हादसा 18 सितंबर की रात करीब नौ बजे सड़क पार करने के दौरान हुआ। मृतक की पहचान बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले मो. मोसिम के रूप में हुई है। वह वर्तमान में पलवली गांव में रह रहा था। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से भाग गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि खेड़ीपुल थाना पुलिस ने मृतक के भतीजे की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
शिकायतकर्ता सरफराज ने पुलिस को बताया कि मोसिम 18 सितंबर की रात दुकान बंद करके घर लौट रहा था। सड़क पार करते समय स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को अमृता अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। परिजन उसे ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, लेकिन बेड उपलब्ध नहीं होने के कारण भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां भी भर्ती नहीं हो सकी। परिजन मोसिम को सेक्टर-87 स्थित आरएम हेल्थ सेंटर लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए बीके अस्पताल ले जाने को कहा। बीके अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सरफराज ने बताया कि उसके चाचा मोसिम के तीन छोटे बच्चे हैं। उनके पालन-पोषण और देखभाल की जिम्मेदारी मोसिम ही संभालते थे। परिजनों ने पुलिस से स्कॉर्पियो चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।