डायरिया, डिहाइड्रेशन और टाइफाइड के मरीजों की संख्या बढ़ी
अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण अस्पतालों में डायरिया, डिहाइड्रेशन, वायरल बुखार और टाइफाइड के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले सप्ताह तक इन बीमारियों के प्रतिदिन 35 से 40 मरीज अस्पताल पहुंच रहे थे, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 60 से अधिक हो गई है। यानी गर्मी से संबंधित मरीजों में करीब 42 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ने लगी है।
चिकित्सकों का कहना है कि तेज गर्मी और लू के कारण लोगों के शरीर में पानी की कमी हो रही है। इससे उल्टी-दस्त, कमजोरी और बुखार जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। बच्चों और बुजुर्गों पर गर्मी का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, अधिक पानी पीने और हल्का भोजन करने की सलाह दी है।
सोमवार रात आई आंधी और हल्की बारिश के बावजूद लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। मंगलवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का बाहर निकलना मुश्किल कर दिया। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आईं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक गर्मी का असर बना रह सकता है। हालांकि शुक्रवार और शनिवार को बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश होने पर तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।