संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। खेड़ीपुल थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-29 पुल के पास एक स्कॉर्पियो चालक ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ओल्ड फरीदाबाद के संत नगर निवासी गोपाल मिश्रा शनिवार को दोपहर करीब 2:20 बजे अपनी स्कूटी पर सवार होकर नहरपार स्थित अपने कार्यालय जा रहे थे। जैसे ही वह सेक्टर-29 पुल पार कर आगे बढ़े, तभी पीछे से आ रही एक स्कॉर्पियो के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद गोपाल मिश्रा सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए और उनकी स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल सेक्टर-28 स्थित अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलने पर एएसआई लोकराम पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों द्वारा घायल को बयान के लिए फिट घोषित करने के बाद पीड़ित की शिकायत प्राप्त की। पुलिस ने गोपाल मिश्रा की शिकायत के आधार पर स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए खेड़ी पुल थाने में 25 अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज कर ली है।