फरीदाबाद नीलम चौक स्थित एसबीआई बैंक में कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिलने पर बैक पर लगाया ताला ।
- फोटो : Faridabad
एसबीआई बैंक की मुख्य शाखा में तीन दिन में दो कोरोना संक्रमित
फरीदाबाद। नीलम चौक स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया की मुख्य शाखा में कोरोना संक्रमित दो मरीजों की पहचान हुई है। तीन दिन में दो कर्मचारी संक्रमित पाए जाने से अधिकारियों व कर्मचारियों में डर का माहौल बना हुआ है। मामले सामने आने के बाद बैंक को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है, लेकिन अधिकारी व कर्मचारी दफ्तर आ रहे हैं। नीलम चौक स्थित स्टेेट बैंक शहर की मुख्य चेस्ट हैं। इससे जिले की करीब 40 बैंक शाखाएं जुड़ी हुई है। रोजाना काफी संख्या में लोगों की यहां आवाजाही होती है। कोरोना संकट शुरू होने के बाद लोगों की संख्या में थोड़ी कमी जरूर आई है। सरकार की सभी गाइडलाइन का बैंक में पालन भी किया जाता है। थर्मल स्क्रीनिंग से लेकर हैंड सैनिटाइजर तक सभी जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया जाता है व सोशल डिस्टेंसिंग का भी विशेष ध्यान रहता है। इसके बावजूद कोरोना संक्रमित सामने आए। बैंक के एक अधिकारी ने बताया कि शाखा में तीन दिन में दो अधिकारी कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें एक 59 वर्षीय सहायक प्रबंधक और एक 30 वर्षीय सहायक शामिल है। फिलहाल दोनों को दफ्तर से छुट्टी दे दी गई है। एहतियात के तौर पर बैंक को बंद कर दिया। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई की। इससे अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों में कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। इस संबंध में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम भगत ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। इस मामले की जांच कराई जाएगी, बैंक का सील भी किया जा सकता है।