सड़क पर बने हैं गड्ढे, जगह-जगह लगे हैं कूड़े के ढेर, रात में रहता है अंधेरा
हेमलता
फरीदाबाद। सावन माह शुरू होने में अब कुछ दिन रह गए हैं। शिवालयों की साफ-सफाई का कार्य भी शुरू हो गया है। जिले से बड़ी संख्या में कांवड़िये इस बार भी जलाभिषेक के लिए निकलेंगे। लेकिन, उन भक्तों की असली परीक्षा आगरा नहर के किनारे बनी जर्जर सड़कों, गंदगी के ढेरों पर होगी। जहां नंगे पांव चलना उनके लिए किसी मुसीबत से कम नहीं होगा।
इसके अलावा अगर रात के समय कांवड़िये सफर करते हैं, तो उनको अंधेरे से होकर गुजरना होगा। इन समस्या को लेकर अभी तक प्रशासन की ओर से कोई तैयारी शुरू नहीं की गई है।
11 जुलाई से शुरू होने वाले सावन के महीने में हर साल सैकड़ों की संख्या में भक्त कांवड़ लेने के लिए जाते हैं। सावन में कांवड़िये हरिद्वार, ऋषिकेश से गंगाजल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। इस दौरान कांवड़ यात्रा को मद्देनजर रखते हुए प्रशासन की ओर से हर साल कालिंदी कुंज से आगरा नहर रोड कैली और जाजरू के बीच अंडरपास व कैली फ्लाईओवर सड़क मार्ग को पैदल कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित कर दिया जाता है। अब सावन को शुरू होने में कुछ दिन बचे हैं, उसके बावजूद प्रशासन की ओर से आगरा नहर के पास बने यात्रा मार्ग की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
बदबू से होगी परेशानी
हर साल हजारों की संख्या में भोले जल लेकर अपने अपने गंतव्य तक जाते हैं। उनको यात्रा के दौरान कोई परेशानी ना हो उसके लिए आगरा नहर के किनारे बनी सड़क को आरक्षित किया जाता है। इस सड़क पर जगह जगह गड्ढे बने हुए हैं। जिसमें बरसात का पानी भरा हुआ है, जिससे पता ही नहीं चलता की कोई गड्ढा भी है। इसके अलावा सड़क किनारे कूड़े का ढेर लगे हुए हैं। जिसमें से उस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को बदबू आती है। इसके अलावा आगरा नहर के किनारे बनी बाउंड्री वॉल भी जगह जगह से टूटी हुई है।
इन जगहों पर रहेगी पुलिस की नाकाबंदी
कालिंदी कुंज, आगरा नहर रोड के साथ दुर्गा बिल्डर सेक्टर 91 पुल, सेहतपुर पुल बाईपास रोड, पुराना पल्ला पुल, एत्मादपुर पुल शवदाह गृह के पास, सेक्टर 28-29, खेड़ी पुल, सेक्टर 17 पुल, सेक्टर 14 पुल, बीपीटीपी पुल, बड़ौली पुल, सेक्टर आठ पुल, तिगांव पुल, चंदावली पुल, आईएमटी पुल, सोतई पुल, साहुपुरा चौक, मलेरना पुल, जाजरू पुल, कैली और जाजरू के बीच में जगह-जगह पुलिस तैनात रहेगी। इसके अलावा रोड किनारे बने छोटे-छोटे तमाम अवैध कट बंद किए जाएंगे।